दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के भक्सी गांव में बुधवार की सुबह टूटे बिजली के तार को जोड़ने के विवाद में तीन युवकों ने एक संविदा कर्मी को मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने तीन युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। गत दिनों भक्सी गांव में 11 हजार का विद्युत तार टूट गया था। दिन में करीब 11 बजे संविदा कर्मी जितेंद्र राम तार को जोड़ रहा था। इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन मनबढ़ किस्म के युवक वहां पहुंचे और कर्मी पर दूसरी जगह बिजली का कार्य करने के लिए कहा। इस पर संविदा कर्मी ने कहा कि पहले यहां का तार जोड़ लूं, फिर कही और कार्य करूंगा। इसको लेकर युवकों और कर्मी में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मामला काफी बढ़ गया और युवकों ने संविदा कर्मी को मार पीटकर घायल कर दिया और वहां से फरार हो गए। इस घटना की जानकारी होते ही मौके पर कई विद्युत कर्मी पहुंच गए। कर्मचारी लामबंद होकर थाना पहुंचे। पीड़ित ने तीन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग की। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। बहुत जल्द ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।