भांवरकोल(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के शेरपुरकला गांव में युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार की दोपहर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शेरपुर कला गांव में बीते शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बाइक सवार नकाबपोश बदमाश एक युवक को ताबड़तोड़ तीन गोली मार कर फरार हो गए थे। उसका उपचार वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में चल रहा है। इस मामले में घायल के पिता ने दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मालूम हो कि शेरपुरकला गांव निवासी सुभाष राय का पुत्र शुभम राय (25) बीते पांच अक्तूबर की रात करीब आठ बजे शेरपुर कला चट्टी और हनुमान मंदिर के बीच पुलिया पर बैठ कर किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ तीन फायर झोंक दिया था। गोली शुभम के गर्दन सहित शरीर के अन्य हिस्सों में लगी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए थे। जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल को जिला अस्पताल लाए थे। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर के लिए रवाना कर दिया था, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस मामले में घायल के पिता ने दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि शुभम राय पर जानलेवा हमले के मामले में आज दिन में करीब 11 बजे कुंडेसर चट्टी तिराहा से इस मामले के एक अज्ञात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शेरपुर कला निवासी अनुपम राय बताया। पूछताछ के बाद उसका चालान कर जेल भेज दिया गया।