दुल्लहपुर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के मियना गांव से रविवार की रात एक चोर बकरी चुराने में तो कामयाब हो गया, लेकिन दूसरे दिन सुबह मेला में उसकी बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार करते समय बकरी स्वामी के हत्थे चढ़ गया। लोगों ने चोर की जमकर धुनाई की। इसके बाद दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया।
क्षेत्र के बड़ा मियना गांव निवासी मुसाफिर चौहान की बकरी रात में घर के बाहर बंधी थी। रात में किसी समय कोई उसे खोल ले गया। सुबह जब मुसाफिर जगा तो बकरी न देख परेशान हो गया। इधर-उधर उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसी दौरान वह बकरी को खोजने के लिए जलालाबाद में लगने वाले बकरी मेला पहुंच गया। उसने इधर-उधर नजर दौड़ाई तो देखा कि एक युवक उसकी बकरी लेकर खड़ा होकर ग्राहक का इंतजार कर रहा था। वह उक्त युवक के पास पहुंचा और उसे पकड़ लिया। उसने वहां मौजूद लोगों को बकरी चोरी की जानकारी दी। फिर क्या, लोगों ने चोर की धुनाई की। मुसाफिर ने उससे अपनी बकरी ले ली। लोगों ने चोर को दोबारा ऐसा काम न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि उसके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है और न ही किसी ने ऐसी कोई सूचना ही दी है।