नंदगंज (गाजीपुर)। मंगलवार की सुबह पुलिस ने सीमेंट व्यापारी प्रवीण कुमार सिंह से रंगदारी मांगने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। रंगदारी मांगने वालों ने सीमेंट व्यवसायी को रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में सीमेंट व्यवसायी के पिता सत्येंद्र सिंह ने बीते 18 मार्च को नंदगंज थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसी दिन करंडा थाने के सबुआ गांव निवासी सीमेंट के थोक व्यवसायी प्रवीण कुमार सिंह पर हमला हुआ था। जख्मी सीमेंट कारोबारी का इलाज वाराणसी में चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद गठित पुलिस टीम हमलावरों की तलाश में जुटी थी। थानाध्यक्ष रवींद्र श्रीवास्तव ने अपने सहयोगियों अरुण कुमार राय, हरगोविंद दूबे के साथ 48 घंटे के भीतर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद पीएनसी गोदाम फतेहउल्लाहपुर से पकड़ कर जेल भेज दिया।