खानपुर। थाना क्षेत्र के सादीभादी गांव के सामने गुरुवार की रात हाइ-वे पर दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। इनमें से एक ट्रक वाराणसी से सामान लादकर गाजीपुर की तरफ आ रहा था। जबकि दूसरा वाराणसी की तरफ जा रहा था। दोनों जैसे ही सादीभादी गांव के सामने पहुंचे। आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर हाई-वे पर काम कर रहे मजदूर वहां पहुंच गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस वहां पहुंची और लोगों की मदद से दोनों चालकों को बाहर निकाला। घायल चालकों को उपचार के लिए सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।