गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नागतारा गांव निवासी एक सिरफिरे पति ने बीते गुरुवार की सुबह अवैध संबंध के शक में पत्नी के गले पर धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद जान देने की नीयत से पहले केरोसिन और बाद में सिंदूर खाने के बाद फांसी पर लटक गया। संयोग रहा कि घर वालों ने उसे बचा लिया था। पत्नी की कत्ल के बाद पति पूरी तरह बदहवास हो गया है। उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। चीखने-चिल्लाने के साथ ही वह इधर-उधर भाग रहा है। वह दोबारा कोई ऐसा-वैसा कदम न उठा ले, इस आशंका से पुलिस ने उसका हाथ-पैर बांध रखा है।
सदर कोतवाली इलाके के नागतारा निवासी भोला बिंद (25) ने अवैध संबंध के शक में गुरुवार को पत्नी अतवारी (25) के गले पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी थी। इसके बाद वह केरोसिन तेल पीने और सिंदूर खाने के बाद गमछे का फंदा बनाकर फांसी पर झूल गया था। इसकी जानकारी होते ही परिवार के लोगों ने ग्रामीणों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़कर उसकी जान बचाई थी और जिला अस्पताल लाए थे। दूसरे दिन शुक्रवार को भी वह भर्ती था। वह घटना के बाद पूरी तरह से बदहवास हो गया है। उसकी दिमागी हालत खराब हो गई है। वह बार-बार चीखते-चिल्लाते हुए जिला अस्पताल से बेड से उठकर इधर-उधर भागने लग रहा है। वह दोबारा अपनी जान देने की कोशिश न करें, इसके लिए जिला अस्पताल में दो पुलिस कर्मी तैनात हैं। वह दोबारा कुछ ऐसा-वैसा काम न करे। इस आशंका के मद्देनजर पुलिस ने उसका हाथ और पैर बांध रखा है और उस पर निगरानी रख रही है। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने बताया कि इस मामले में सदर कोतवाली क्षेत्र के कनेरी तलवल निवासी मृतका के पिता नरेश बिंद ने तहरीर दिया है। तहरीर में आरोप लगाया कि उसका पति दहेज में बाइक की मांग करता था। हमेशा मेरी बेटी को प्रताड़ित करते हुए मारपीट था। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी का बयान दर्ज किया गया है।