दुल्लहपुर (गाजीपुर)। क्षेत्र के जलालाबाद गांव के पास चार दिन पहले चिकित्सक से हुई एक लाख रुपये और मोबाइल लूटकांड की घटना का पुलिस तीसरे दिन भी खुलासा नहीं कर सकी। हालांकि पुलिस अपराधियों की तलाश में इधर-उधर की खाक छान रही है, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल पा रही है। मालूम हो कि बीते 6 जून को करीब तीन बजे गाजीपुर-आजमगढ़ राजमार्ग पर भगीरथपुर जाने वाली सड़क पर जलालाबाद गांव के पास बाइक सवार तीन लुटेरों ने तमंचा से आतंकित कर भगीरथपुर निवासी प्राइवेट चिकित्सक विजय चौहान से एक लाख रुपये और मोबाइल लूट लिए थे। चिकित्सक ने बैंक से एक लाख रुपये निकाला था। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे तमंचा लहराते हुए फरार हो गए थे। इस वारदात की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई थी। दुल्लहपुर थाना पहुंचे पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने मातहतों को जल्द से जल्द इस लूटकांड का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया था। पीड़ित को साथ लेकर क्राइम ब्रांच की टीम ने घंटों इधर-उधर लुटेरों की तलाश की थी, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका था। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देख संदिग्धों को चिह्नित किया था। लूट की घटना के पर्दाफाश के लिए सीओ भुड़कुड़ा, एसओ दुल्लहपुर, भुड़कुड़ा, बहरियाबाद थानाध्यक्ष के साथ क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया है। बावजूद इसके घटना के चौथे दिन भी लुटेरे पुलिस की पकड़ से दूर रहे। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सर्विलांस का सहारा भी लिया जा रहा है। कई लोगों को पुलिस ने चिह्नित किया है। बहुत जल्द की इस लूटकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।