कोतवाली क्षेत्र के औड़िहार के वाराह घाट के पास बुधवार की दोपहर एक ट्रैक्टर गंगा में समा गया। यह संयोग रहा कि उसमें सवार चालक बाल बाल बच गए। औड़िहार गांव निवासी सतीश पाठक वाराह घाट के पास ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे। जुताई करने के बाद वह ट्रैक्टर को खेत किनार खड़ा कर खाना खाने की तैयारी करने लगे। इसी दौरान खेत में ढ़लान होने के कारण ट्रैक्टर पीछे की तरफ जाने लगा। यह देख सतीश पाठक दौड़कर ट्रैक्टर पर सवार होकर रोकने लगे। काफी प्रयास के बाद जब ट्रैक्टर नहीं रुका तो वह कूद गए और ट्रैक्टर गंगा में समा गया। इसकी जानकारी होते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। गंगा में पानी अधिक होने के कारण समाचार लिखे जाने तक ट्रैक्टर को पानी से नहीं निकाला जा सका था।