करंडा(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुरा गांव निवासी अमितेश मिश्रा ने गुरुवार को पुलिस को तहरीर देकर सेवानिवृत्त सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि सेवानिवृत्त सिपाही का बेटा प्रदीप मिश्रा मेरे बड़े भाई पत्रकार राजेश मिश्रा की हत्या में साजिश रचने के साथ हत्या में शामिल रहा है। अब उसके पिता जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में अमितेश ने बताया है कि मेरे बड़े भाई राजेश मिश्रा की हत्या की साजिश रचने वाला और हत्या में शामिल प्रदीप मिश्रा का पिता सेवानिवृत्त सिपाही रामनिवास मिश्रा खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहा है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। रिटायर्ड सिपाही पर एफआईआर दर्ज होने के बाद से एक बार फिर राजेश हत्याकांड में एक नया मोड़ आता दिखाई दे रहा है। साथ ही गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति कायम हो गई है। जबकि पुलिस पूरे प्रकरण की बारीकी से छानबीन कर रही है।