सिकरारा। मधई का पूरा गांव में मंगलवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता की तहरीर पर मृत महिला के पति, सास, ससुर व जेठानी पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शिव कुमार की पत्नी नीलम केवट (25) सुबह अपने ससुर अक्षयवर केवट, सास चमेला देवी व जेठानी आरती देवी के साथ गेहूं की कटाई करने गई थी। लगभग आठ बजे उसके शरीर में खुजली होने लगी। नीलम की समस्या देखकर सास ने उसे डाक्टर से दवा लेने की बात कहकर घर भेज दिया। गेहूं कटाई के बाद जब वे घर आए तो देखा कि नीलम घर के मड़हे में एक चारपाई पर लेटी थी। सास व जेठानी ने जगाने का प्रयास किया तो वह नहीं जगी। ध्यान से देखा तो उनकी सांसे बंद थी और वह मृत पड़ी थी। भय वश वे अभी कुछ समझ पाते कि गांव के ही लोगों ने फोन से सूचना मायके वालों को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे नीलम के पिता बक्शा थाना क्षेत्र के मई गांव निवासी अशोक केवट ने थाने पर तहरीर दी। आरोप है कि 20 जून 2014 को मेरी बेटी की शादी मधई का पूरा गांव निवासी अक्षयवर केवट के बेटे शिव कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज में मोटरसाइकिल व पैसे की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके पति शिव कुमार, ससुर अक्षयवर, सास चमला देवी व जेठानी आरती के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई। मृतका का पति मुंबई में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है।