बहादुरगंज(गाजीपुर)। कासिमाबाद थाना क्षेत्र के देवली से रामपुर में मिलने वाली सड़क मोड़ के पास सोमवार की देर शाम सड़क की तरफ झुके विद्युत पोल से एक बाइक सवार युवक टकरा गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मऊ-कासिमाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। जानकारी होते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए, लेकिन ग्रामीण मौके पर सक्षम अधिकारी को बुलाने की जिद पर अड़े रहे। रात करीब आठ बजे सीओ कासिमाबाद और तहसीलदार के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। इस दौरान करीब दो घंटे तक मार्ग पर आवागमन ठप रहा।
इलाके के देवली गांव निवासी राजेंद्र यादव का पुत्र आजाद यादव (18) दूसरे की बाइक से सोमवार की देर शाम करीब पौने छह बजे रामपुर चट्टी पर किसी काम के लिए घर से निकला। अभी वह घर से करीब 600 मीटर दूर देवल से रामपुर में मिलने वाली सडक मोड़ पर पहुंचा ही था कि सड़क की तरफ झुके विद्युत पोल से तेज रफ्तार में बाइक टकरा गई। गंभीर रूप से घायल होने से आजाद की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होते ही परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजन चीख-पुकार करने लगे। उधर मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मऊ-कासिमाबाद मार्ग पर विद्युत उपकेंद्र के सामने सड़क को जाम कर दिया। जाम लगते ही मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। जानकारी होते ही थाना पुलिस के साथ ही लेखपाल मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने में जुट गई, लेकिन ग्रामीण मौके पर सक्षम अधिकारी को बुलाने की जिद्द पर अड़े रहे। रात करीब कासिमाबाद सीओ महमूद आलम और तहसीलदार प्रमोद कुमार देर शाम मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गए। करीब आठ बजे अधिकारियों द्वारा मुआवजा देने के आश्वासन पर लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया।