शादियाबाद। थाना क्षेत्र के गुरैनी बेसो नदी पुल के पास गुरुवार को दिन में एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्राली के नीचे दबकर एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया।
क्षेत्र के रकबा निवासी हरदेव का बेटा अरूण कुमार (16) रामजीत के साथ ही शादियाबाद की तरफ जाने वाले मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्राली पर यह कहकर सवार हो गया कि उन्हें भी शादियाबाद जाना है। जैसे ही ट्रैक्टर बेसो नदी पुल के पास मोड़ पर पहुंचा, अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक लाछन और रामजीत तो बाल-बाल बच गए, लेकिन अरुण के कमर के नीचे का हिस्सा ट्राली के नीचे दब गया। इस पर चालक और रामजीत शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आस-पास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। जानकारी होते ही अरुण के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। काफी प्रयास के बाद लोगों ने अरुण को ट्राली के नीचे से निकाला। इसके बाद परिवार के लोग आनन-फानन में उसे प्राइवेट अस्पताल में ले गए। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।