रेवतीपुर(गाजीपुर)। स्थानीय पुलिस ने सोमवार की रात हसनपुरा-गहमर-रेवतीपुर बाईपास मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान वीरऊपुर मोड़ से घेरेबंदी कर अंतरप्रांतीय वाहन चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने उनके पास से चोरी की दो बाइक बरामद की है। पकड़े गए अभियुक्तों को संबंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अठहठा निवासी दीपू यादव बताया। पूछताछ में पता चला कि उसके पास से पकड़ी गई बाइक चोरी की है और वह अंतर जनपदीय वाहन चोर गिरोह का सदस्य है। इसकी निशानदेही पर पुलिस ने अठहठा गांव में स्थित एक झोपड़ी में छिपाकर रखी गई चोरी की एक अन्य बाइक भी बरामद की। पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य कई जनपदों से दर्जनों बाइक चुरा चुके हैं और इन बाइकों की कम दामों में बिक्री करते हैं। पुलिस की गिरफ्त से फरार अभियुक्त रेवतीपुर थाने के अठहठा निवासी दीपक यादव और इसी थाने के बीरउपुर निवासी संवरू उर्फ शिवजी यादव है। उनको भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।