सुहवल। थाना पुलिस ने शनिवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर कालूपुर तिराहा के पास से विभिन्न मामलों में वांछित और गुंडा एक्ट में निरुद्ध तथा चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया। संबंधित धाराओं में उसका चालान कर जेल भेज दिया।
मालूम हो कि लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के मद्देनजर थानाध्यक्ष राजू कुमार उपनिरीक्षक बृेश्वर सिंह सहित पुलिस कर्मियों के साथ शनिवार की सुबह मेदिनीपुर तिराहा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के विभिन्न मामलों में वांछित चोर और सक्रिय चोर गिरोह का सदस्य कालूपुर तिराहा के पास खड़ा है और कही भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष हरकत में आ गए और सुबह करीब साढ़े सात बजे मौके पर पहुंचकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि गिरफ्त में आया अभियुक्त कालूपुर गांव निवासी विकास यादव है। तलाशी लेने पर उसके पाकेट से चार हजार नगदी के साथ ही दो कान एवं एक नाक का सोने का आभूषण बरामद हुआ, जो चोरी का था। जब अभियुक्त के अपराधिक इतिहास को खंगाला तो अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में कई विभिन्न मामलों में कई संगीन मुकदमें दर्ज पाए गए। यही नहीं उसके खिलाफ पिछले वर्ष मिनी गुंडा एवं गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी हो चुकी है। संबंधित धाराओं में अभियुक्त का चालान कर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के यहां पेश किया गया, जहां उसके अपराधिक इतिहास को देखते हुए 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।