औड़िहार(गाजीपुर)। सैदपुर कोतवाली पुलिस ने दुबई के लिए वीजा बनाने के नाम पर लोगों से लाखों की ठगी करने के एक आरोपी को गुरुवार को रावल मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मालूम हो कि सैदपुर नगर के दीनदयाल नगर निवासी संजय निषाद, सिद्धार्थनगर जिले के बासी थाना क्षेत्र के ग्राम कटिबंध निवासी संदीप कुमार तथा अब्दुल कलाम ने सैदपुर कोतवाली में बीते दिनों प्रार्थाना पत्र दिया था। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि वाराणसी के भोजूबीर निवासी राहुल जो रावल मोड़ के पास किराए के एक कमरे में ट्रेवेल्स एंड टूर का बोर्ड लगाकर कुछ दिनों से दुबई के लिए वीजा बनाने के नाम पर ठगी कर रहा है। वह काफी पैसे वसूलने के साथ नकली वीजा दे रहा है। वीजा बनाने के नाम पर हम लोगों से लाखों वसूल किया है। इस शिकायत पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। इसी क्रम में गुरुवार को आरोपी राहुल सिंह को रावल मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।