जंगीपुर। थाना क्षेत्र के मानपुर चट्टी पर 21 जनवरी को कोचिंग संचालक से दो लाख रुपये की लूट व गोली मारने के मामले में पुलिस अभी भी लुटेरों तक नहीं पहुंच सकी है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में 19 जगहों पर दबिश दी। हालांकि पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए इधर-उधर संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही। पुलिस ने दावा किया कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
बीते 21 जनवरी को मानपुर गांव निवासी कोचिंग और ग्राहक सेवा केंद्र संचालक प्रवेश दिनकर (26) मानपुर चट्टी पर किराए के दुकान में स्थित अपने ग्राहक सेवा केंद्र पर बैठे थे। इसी बीच दोपहर बाद दो बाइकों पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे। दो बदमाश बाइक से जहां बाहर खड़े थे, वहीं दो लुटेरे अंदर दुकान में गए। अंदर गए बदमाशों 40 हजार रुपये संचालक से मांगा। मना करने पर एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर उसकी कनपटी पर सटा दिया। दूसरा युवक काउंटर में बैग में रखे दो लाख रुपया उठाकर बाहर निकल गया। बाहर निकलने के बाद बदमाशों ने केबिन के शीशा पर संचालक को लक्ष्य कर गोली चला दी। गोली संचालक के दाहिने हाथ की हथेली में लगी। बदमाश तीन हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए। इस मामले में पीड़ित की तरफ से चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बावजूद घटना के चौथे दिन भी पुलिस लुटेरों की गिरफ्तारी करने में नाकाम रही। इस संबंध में पुलिस ने कहा कि लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए जिले के साथ ही अन्य जनपदों में तीन दिन में 19 संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
....