स्थानीय थाना क्षेत्र के शिवाला चट्टी पर शनिवार की रात चोर दो गुमटियों का ताला तोड़कर हजारों के सामान ले उड़े। पीड़ित की सूचना पर रविवार की सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। शिवाला निवासी संजय कुशवाहा की चट्टी पर जनरल स्टोर और ईशु राईनी की गुमटी में अंडे की दूकान है। रोज की तरह शनिवार की रात भी दोनों दूकान बंद कर घर चले गए। देर रात चोर ताला तोड़कर गुमटियो में रखा हजारों का सामान लेकर चंपत हो गए। रविवार को कुछ लोग खेत की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खुली गुमटियों पर पड़ी तो उन्होंने दूकानदारों को आवाज लगाई। उधर से कोई जवाब न मिलने पर पास जाकर उन्होंने देखा कि गुमटियों में सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी दूकानदारों को दी। सूचना मिलते ही संजय और ईशु दूकान पर पहुंच गए। सामानों की पड़ताल की तो पता चला कि हजारों के सामान गायब थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों से बातचीत करते हुए मामले की छानबीन की। मालूम हो कि इसके पूर्व भी संजय कुश्वाहा की दुकान में कई बार चोरी हो चुकी है। एक बार उसकी दुकान को आग के हवाले भी किया जा चुका है। पीड़ित ने बताया कि चोरी की तहरीर थाना में दी है। इस संबंध में सुहवल थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि हमें चोरी की घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर मामले की छानबीन की जाएगी।