औड़िहार(गाजीपुर)। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव में सोमवार की शाम दीवार बनवाने को लेकर पट्टीदारों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस मारपीट में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया। इस मामले में दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। आशीष और उसके पिता सुरेश सिंह द्वारा आज घर के बाहर दीवार का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान शाम को करीब साढ़े पांच बजे पट्टीदार जयशंकर सिंह (40) इसका विरोध करने लगा। इसी को लेकर बात आगे बढ़ गई और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडा लेकर आमने-सामने हो गए। इस दौरान हुई मारपीट में एक पक्ष के जयशंकर सिंह (40), उमाशशंकर सिंह,सरोज देवी (45) और दूसरे पक्ष के आशीष सिंह (20), उनके पिता सुरेश सिंह (65) तथा प्रदीप सिंह (25) घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर लाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उमाशंकर सिंह और प्रेमशंकर सिंह को चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में दोनों पक्षों की तरफ से तीन-तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी केके सरोज ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दूसरे पक्ष के तीन लोग आंशिक रूप से घायल हुए हैं। आशीष सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।