जखनिया। भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के घटारो गांव के बाहर स्थित एक निजी पंपिंग सेट के पास सागौन पेड़ की टहनी में फंदा लगाकर एक युवक ने मंगलवार की देर रात आत्महत्या कर ली। गांव के दलित बस्ती निवासी रामजीत राम (35) देर रात परिजनों से बिना कुछ बताए कहीं चला गया। बुधवार की सुबह जब ग्रामीण गांव से बाहर सिवान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक निजी पंपिंग सेट के पास स्थित सागौन पेड़ की टहनी से लगे फंदे से लटकता एक युवक का शव दिखाई दिया। इसकी जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा और घर लेकर चले गए। परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाल सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इस तरह की किसी घटना की सूचना नहीं है।