सुहवल। थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव निवासी एक छात्रा रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। परिवार के लोग आनन-फानन में उसे उपचार के लिए वाराणसी ले गए।
बड़ौरा गांव निवासी सुभाष गुप्ता की पुत्री रानी गुप्ता (16) सुहवल गांव में स्थित एक स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती है। रोज की तरह रविवार की देर शाम भी वह ट्यूशन पढ़ कर घर पर आई। माता-पिता ने उसे भोजन कर आराम करने को कहा। वह सभी लोगों को भोजन कराने के बाद मकान की ऊपरी मंजिल पर कमरा में सोने के लिए चली गई। रात में करीब आठ बजे पिता सुभाष ने किसी काम के लिए रानी को आवाज लगाई। कई बार आवाज लगाने के बाद भी जब उधर से कोई आवाज नहीं आई तो वह कमरा में पहुंचे। अंदर का नजारा देख चिल्लाने लगे। देखा कि रानी गंभीर रूप से झुलस कर कमरे में पड़ी थी। उनकी आवाज सुन कर परिवार के अन्य सदस्य भी कमरा में पहुंच गए। लोगों का शोर सुन पास-पड़ोस के लोग भी वहां आ गए। परिजन लोगों की मदद से आनन-फानन में रानी को जिला अस्पताल लाए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि इस तरह का कोई मामला उसके संज्ञान में नहीं है। किसी की तरफ से सूचना या तहरीर मिली तो मामले की छानबीन शुरू की जाएगी। उधर घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा होती रही है।