गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के बकुलियापुर में स्थित एक मकान में पुलिस ने बुधवार की देर रात छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया। इस दौरान मौके से 315 शीशी देशी शराब, इसमें प्रयोग होने वाला 30 लीटर केमिकल, 12 सौ खाली शीशी, 11 सौ ढक्कन और सात कार्टून भी बरामद किया। शराब बनाने के कार्य में लिप्त छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से जनपद में अवैैध शराब का धंधा करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
कुछ दिन पहले पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा से लोगों ने कई क्षेत्रों में शराब के अवैैध धंधे बेरोकटोक चलने की शिकायत की थी। एसपी ने पूरी जानकारी इकट्ठा कराने के बाद धंधे का भंडाफोड़ करने के लिए पुलिस टीम गठित की थी और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया था। इसी क्रम में बुधवार की देर रात सदर कोतवाली प्रभारी राजीव सिंह ने बकुलियापुर स्थित कपूरचंद्र गुप्ता के मकान में छापेमारी की। यहां अवैध रूप से शराब बनाने का धंधा काफी समय से संचालित हो रहा है। यह सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और उक्त मकान पर छापा मारा। छापेमारी में पुलिस ने सदर कोतवाली के मुहम्मदपुर निवासी रोहित गुप्ता, बिकापुर निवासी राजू गुप्ता, बिलैचिया निवासी रामअवध बिंद, मालगोदाम रोड निवासी रामअवतार बिंद, बकुलियापुर निवासी कपूरचंद और जंगीपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर पिपरी निवासी रोहित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 315 शीशी देशी शराब, शराब बनाने में प्रयोग होने वाला 30 लीटर केमिकल (ओपी), 1200 खाली शीशी, 1100 ढक्कर सात कार्टून बरामद किया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग काफी समय से अवैध रूप से शराब बनाने के कार्य में लिप्त हैं। ये सभी शराब की दुकानों के सेल्समैन हैं। शराब बना कर इसकी बिक्री जिला के साथ ही वाराणसी, मऊ आदि जनपदों में करते थे।