सैदपुर। जिलाधिकारी के आदेश पर उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने शनिवार को 46 बंधुआ मजदूरों को मुक्त कराया है। बताया गया कि तरांव के पास दारूलपुर महुलिया में संचालित एक ईंट भठ्ठे पर झारखंड के रांची से लाए गए बंधुआ मजदूरों की शिकायत जिलाधिकारी को मिली थी। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पीलीभीत निवासी समाजसेवी शराफत अली ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की थी। इसमें बताया था कि दारुलपुर महुलिया में संचालित एक ईंट भठ्ठे पर झारखंड प्रांत के रांची एवं उत्तर प्रदेेश के पीलीभीत से लाए गए मजदूरों से बंधुआ मजदूरी कराई जा रही है। डीएम ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए सैदपुर के उपजिलाधिकारी एवं श्रम प्रवर्तन अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर शनिवार को उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में श्रम प्रवर्तन अधिकारी लईक अहमद ने पुलिस की मदद से छापेमारी की। इस दौरान तथाकथित आरोपी भीम यादव फरार हो गया। मौके से एक अदद राइफल 315 बोर, कई कारतूस तथा भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। साथ ही एक जेसीबी, दो ट्रैक्टर बरामद किया है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी लईक अहमद ने बताया कि जिलाधिकारी को मिली शिकायत के बाद उनके निर्देश पर कार्रवाई की गई है।