भांवरकोल। थाना क्षेत्र अवथहीं गांव में शनिवार की रात चोर एक मकान से तीन अटैची और एक बक्सा उठा ले गए। उसमें रखे चार हजार रुपये नगदी और कीमती सामान पार कर दिया। घटना के बाद घर से कुछ दूरी पर अटैची को तोड़कर फेंक दिया जिसमें कपड़े और कुछ अन्य सामान पड़े हुए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
अवथहीं निवासी किसान रामअवतार राय का परिवार रोज की तरह शनिवार की देर शाम खाना खाने के बाद सो गया। देर रात चोर दीवार फांदकर अंदर घुस गए और कमरे में रखी तीन अटैची और एक बक्सा उठा ले गए। सुबह जब परिवार के सदस्य जगे तो देखा कि अटैची और बक्सा गायब था। जानकारी होते ही आस-पास के लोग भी वहां पहुंच गए। इस दौरान किसी ने बताया कि गांव के बाहर अटैची तथा बक्सा टूटा पड़ा है। इतना सुनते ही रामअवतार सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। सामानों की जांच-पड़ताल करने के बाद पीड़ित ने बताया कि चोर 4000 नकदी और कुछ सामान ले गए हैं। जबकि कपड़ा सहित अन्य सामानों को छोड़ दिया है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।