करंडा। थाना क्षेत्र के मानिकपुर कला गांव के सिवान में स्थित कुएं में पैर फिसल कर गिरने से बुधवार की देर रात एक किसान की मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मानिकपुर कला गांव निवासी घनश्याम सिंह (55) देर रात अपने फसलों की सिंचाई कर रहे थे। सिंचाई का कार्य समाप्त होने के बाद वह ट्यूबवेल को बंद करने के लिए पपिंग सेट पर पहुंचे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिरकर गए। तेज आवाज होने से फसलों की सिंचाई कर रहे अन्य किसान पपिंग सेट के तरफ तोड़ पड़े। कुएं के अंदर मृत पड़े घनश्याम सिंह को देखकर अन्य किसान चिखने-चिल्लाने लगे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर कुएं से मृत किसान का शव बाहर निकाला और परिजनों को घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।