भांवरकोल(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के मच्छटी गांव में गुरुवार को मक्का के खेत में बकरी जाने से मना करने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक महिला सहित तीन लोगों को चोटें आई। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को पकड़ कर थाना ले आई। मच्छटी गांव निवासी पूर्व प्रधान अमुल्लाह मक्का की खेती करते हैं। उनका पुत्र जीशान खेत की रखवाली कर रहा था। इसी बीच पड़ोस की एक बकरी खेत में चली गई। जीशान ने बकरी को पकड़ कर बाहर कर दिया। इसी बात को लेकर पड़ोसी जीशान की पिटाई करने लगा। यह देख पूर्व प्रधान के परिवार का एहसानुल्लाह मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर रहा था। विपक्षियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। यह देख दोनों तरफ से मारपीट होने लगी। मारपीट में एक महिला अंजुम आरा (40) को भी चोटें आई। पूर्व प्रधान का आरोप है कि विपक्ष के लोग छत पर चढ़ कर दहशत फैैलने के लिए हवा में गोली भी चला रहे थे। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस का कहना है कि किसी पक्ष की तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।