कासिमाबाद। चौक स्थित स्टेट बैंक में सोमवार की दोपहर उच्चकों ने एक महिला के 25 हजार रुपये उड़ा दिए। वह रुपये जमा करने के लिए कतार में खड़ी थी। इसी बीच प्लास्टिक का थैला काटकर उचक्कों ने रुपये निकाल लिए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। नोनहरा थाना क्षेत्र के शम्मनपुर गांव निवासी अब्दुल रसीद की पत्नी असगरी बेगम सोमवार को कासिमाबाद चौक स्थित स्टेट बैंक की शाखा में 25 हजार रुपये जमा करने गई थी। रुपये से भरा प्लास्टिक का थैला लेकर वह कतार में अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रही थी। इस बीच किसी उचक्के ने थैले को नीचे से ब्लेड से काटकर रुपये उड़ा दिया। कुछ देर बाद जब महिला जब कैश काउंटर पहुंची और रुपये निकालने के लिए थैले में हाथ डाला तो वह आश्चर्य में पड़ गई। थैला नीचे से कटा था और रुपए गायब थे, जिससे उसके होश उड़ गए। वह रोने लगी और शोर मचाने लगी, जिससे बैंक में अफरातफरी मच गई। लोगों ने बैंक के अंदर और बाहर निकलकर उचक्के की तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। पीड़िता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों ने पूछताछ और छानबीन कर लौट गई। सीओ महमूद अली ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।