सुहवल (गाजीपुर)।
थाना क्षेत्र के सरैया चट्टी स्थित जमानिया-सैय्यदराजा मार्ग पर सोमवार को ऑटो और ट्रक के आमने-सामने भिड़त में बीटीसी छात्रा की मौत सहित 7 लोगों के घायल होने के मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने जमानिया कोतवाली के पास से ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी।
क्षेत्र के एक निजी बीटीसी विद्यालय से ऑटो घर जा रहीं बीटीसी की पांच छात्राएं, अध्यापक सहित चालक हादसे में घायल हो गए। हादसे में फुल्लनपुर निवासी बीटीसी प्रथम वर्ष की छात्रा पूनम यादव की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जमानिया कोतवाली के पास खड़े ट्रक को कब्जे में ले लिया था। पुलिस ने मृत छात्रा का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस चालक की तलाश में लगी हुई है लेकिन अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग जर्जर होने से आए दिन इस मार्ग पर सड़क हादसा होना तो अब आम बात हो चुका है। देखा जाए तो 6 माह में तीन बड़े हादसे हो चुके हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक छात्रा के रिश्तेदार मनोज सिंह यादव की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रक बरामद करने के साथ चालक की तलाश की जा रही है।