गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र से खोवा मंडी चौराहे पर स्थित एक मोटर पार्ट की दुकान का ताला तोड़कर चोर मंगलवार की रात तीन लाख के टायर सहित अन्य कीमती सामान उठा ले गए। चोरों ने दुकान के आसपास स्थित मकानों के दरवाजा बाहर से बंद करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरा का तार भी तोड़ दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से जानकारी लेते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है। सदर कोतवाली क्षेत्र के चंदननगर कालोनी निवासी प्रकाश सिंह की रौजा स्थित खोवा मंडी चौराहा पर टायर सहित मोटर पार्टस के सामान की दुकान है। रोज की तरह मंगलवार की शाम दुकान बंदकर वह घर चले गए। देर रात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। अंदर रखे लाखों के टायर सहित अन्य सामान लेकर अंधेरे में चंपत हो गए। चोरों ने दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरे का तार तोड़ने के साथ ही दुकान के आसपास स्थित मकानों का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। सुबह मार्ग से गुजर रहे एक व्यक्ति की टूटे हुए ताला पर नजर पड़ी तो उसने आसपास के लोगों को बताया। इस पर जैसे ही मकानों में रहने वाले लोग बाहर निकलना चाहा तो देखा कि बाहर से दरवाजा बंद था। लोगों ने आवाज देकर एक-दूसरे से दरवाजा खुलवाया। लोगों ने घटना की जानकारी दुकान मालिक को दी। कुछ ही देर में दुकानदार मौके पर पहुंच गया और घटना से पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से बातचीत करते हुए सीसीटीवी कैमरा का तार जुड़वाकर फुटेज देखा। उसमें एक चार पहिया वाहन से कुछ उतरते हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे लोग संभावना जता रहे थे कि चोर चारपहिया वाहनों से सामान लेकर गए है। पीड़ित ने बताया कि चोर करीब ढाई लाख का टायर सहित अन्य सामान ले गए है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि सूचना मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।