गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र के गांई ग्राम सभा के प्रधान पुंजेश सिंह ने शहर कोतवाली में तहरीर दिया है कि शनिवार को चकबंदी कार्यालय में जमीन का अभिलेख देखते समय एक मनबढ़ युवक ने गाली-गलौज देते हुए थप्पड़ मारा और जान से मारने की नीयत से बंदूक तान दी।
प्रधान पुंजेश सिंह ने तहरीर में लिखा है कि वह अपने कुछ साथियों के साथ जमीन के अभिलेख के सिलसिले में चकबंदी कार्यालय आये थे। इसी बीच चवर गांव निवासी एक व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ चकबंदी कार्यालय पहुंचा। वहां उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उसने तमाचा जड़ दिया। इसके बाद अपने साथी की बंदूक लेकर उनकी कनपटी पर तान दी। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करके मामला शांत कराया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि प्रधान की ओर से देर रात तहरीर मिली है। मामले का जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।