भांवरकोल। क्षेत्र के पाताल गंगाचट्टी के पास शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार कार और बोलेरो की आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक बच्ची सहित चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला और बच्ची को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। बलिया की तरफ से तेज रफ्तार एक मारुति कार गाजीपुर की तरफ जा रही थी। जबकि मुहम्मदाबाद की तरफ से एक बोलेरो भांवरकोल की तरफ आ रही थी। इसी दौरान पाताल गंगा चट्टी के पास अपराह्न करीब एक बजे दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना होते ही चट्टी पर मौजूद लोग दौड़कर वहां पहुंचे और दोनों वाहनों में सवार लोगों को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बोलेरो सवार भांवरकोल थाना क्षेत्र के देवचंदपुर गांव निवासी संतोष सिंह (32) और कार में सवार बलिया निवासी रविकांत पाल (35), अर्चना (34) और अंबिका (5) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद भिजवाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने अर्चना और अंबिका को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।