करंडा(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के गोसंदेपुर निवासी विदेशी विश्वकर्मा (65) मंगलवार की शाम करीब पांच बजे गांव के बाहर सिवान में बकरी चरा रहा था। करेंट से प्रभावित विद्युत खंभे की जद में आ गया, जिससे वह खंभा से सटकर चिल्लाने लगा। साथ बकरी चरा रहे लोगों ने डंडा से मारकर उसे अलग किया और परिवार वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिवार वालों की तरफ से सूचना दिए जाने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि अभी तक परिजनों की तरफ से इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।