दुबिहा (गाजीपुर)। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोशलपुर गांव के बाहर सड़क पर गोली मार कर हत्या कर फेंके गए अज्ञात 25 वर्षीय युवक के शव की पहचान रविवार को हो गई। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने के लिए अहम बिंदुओं पर छानबीन करने में जुट गई है।
मृतक के पास से मिली पर्ची पर दर्ज नंबर के सहारे पुलिस टीम को शिनाख्त करने में सहायता मिली। पुलिस टीम द्वारा घटना की जानकारी मिलते ही इलाहाबाद जिले के करेली थाना क्षेत्र के मदारीपुर गांव निवासी मदनलाल भारती अपने रिश्तेदारों के साथ सुबह थाने पर पहुंचे। पुलिस द्वारा फोटोग्राफ और मिले सामान के आधार पर मृतक की पहचान अन्नू कुमार भारती (25) वर्ष के रुप में की गई। मृतक के पिता ने बताया कि अन्नू बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह बीते 11 अप्रैल को नौकरी की तलाश करने की बात कह कर निकला था। इसके बाद उससे बात नहीं हो पाई थी। बीते 14 अप्रैल को पुलिस द्वारा अज्ञात युवक के शव मिलने की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि गाजीपुर जिले में न ही उनका कोई जानने वाला है न ही रिश्तेदारी है। यहां किसी व्यक्ति का आना-जाना तक नहीं है। मृतक के पिता ने बताया कि पुत्र की हत्या की गई है। पुलिस मृतक के पिता को पुराने जिला अस्पताल स्थित मर्चरी हाउस ले आई। आवश्यक कागजी कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुुधाकर राय ने बताया कि मृतक की शिनाख्त उसके पिता ने कर ली है। शिनाख्त होने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई।