जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के देवैथा गांव में वैक्सीनेशन के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ अभद्रता के मामले में पुलिस ने रविवार को ग्राम प्रधान को हिरासत में लिया है। साथ ही तीन अन्य को भी पकड़ कर पूछताछ कर रही है। मालूम हो कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम देवैथा गांव पांच जून को पहुंची थी। वहां सुबह से स्वास्थ्य कर्मियों ने गांव के करीब 50 लोगों को टीका लगाया। शाम के समय चार लोग पहुंचे और वैक्सीन लगाने का दबाव बनाने लगे। मौजूद एएनएम शीला श्रीवास्तव एएनएम गीता देवी सहित अन्य लोगों ने समझाया कि एक वायल में दस डोज है और कम से कम सात से आठ लोग होने पर ही वायल खोला जा सकता है। ऐसे में वैक्सीन लगवाने आए लोग भड़क गए और वहां गाली-गलौज करते हुए स्वास्थ्य कर्मियों का मोबाइल छीन लिया। इसके बाद किसी तरह से स्वास्थ्य कर्मी वहां से जान बचाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और बाद में कोतवाली पहुंच कर मामले की तहरीर कोतवाली में दी गई। रविवार को पुलिस ने गांव में दबिश देकर देवैथा के ग्राम प्रधान ग्यासुद्दीन सहित अन्य अज्ञात लोगों को पकड़ा। चौकी प्रभारी अमित पांडेय ने बताया कि अभी मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।