सुहवल। थाना क्षेत्र के मेदिनीपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय पर चल रहे कोरोना टीकाकरण एवं जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों से दो अराजक तत्वों ने मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। घटना को अंजाम देकर दोनों फरार हो गए। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह एवं उपनिरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और अराजक तत्वों की तलाश शुरू कर दी। रेवतीपुर ब्लॉक के एडीओ पंचायत मनीष राय ने बताया कि कोविड टीकाकरण और जांच के लिए नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त वित्त एवं लेखाधिकारी गुलशन के साथ मेदिनीपुर केंद्र पर पहुंचकर कर्मियों से टीकाकरण और जांच का ब्यौरा ले रहे थे। इसी दौरान मेदिनीपुर के दो युवक धमक पड़े। दोनों युवक चल रहे इस अभियान के प्रति लोगों को भड़काने लगे। इस पर जब उन्होंने आपत्ति की तो दोनों कहासुनी करने के साथ मारने-पीटने लगे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।