कासिमाबाद। चुनावी रंजिश को लेकर बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में मारपीट के साथ एक महिला ने ज्वलनशील पदार्थ फेंकने का आरोप लगाया। पुलिस ने सभी मामलों में जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में फर्जी वोटिंग करने के आरोप में दो युवकों की एक समुदाय द्वारा पिटाई कर दी गई। पिटाई से घायल युवक का आरोप है कि एक समुदाय विशेष के लोगों ने हमारे घर में घुसकर मारापीटा है। इसी संबंध में थाने में पीड़ित युवक द्वारा तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। इसी क्रम में ग्राम पंचायत सुकहा में वोट डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। कुछ देर बाद एक युवक अपने हाथ में कोई ज्वलनशील पदार्थ लेकर आया और एक महिला के चेहरे पर फेंक दिया। महिला का आरोप है कि फेंके गए पदार्थ से उसका चेहरा झुलस गया है। इस घटना में भी पुलिस जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है। तीसरी घटना में थाना क्षेत्र के नसीरुद्दीनपुर गांव में भैंस चराने के समय दो पक्षों में हुए विवाद में मारपीट हो गई। प्रभारी निरीक्षक श्यामजी यादव ने बताया कि चुनावी रंजिश में सभी विवाद हुए हैं। जांच की जा रही है, कार्रवाई होगी।