सुहवल। कालूपुर तिराहे पर बालू लदी ट्रैक्टर-ट्राली को हमीद सेतु पार कराने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। मौके पर पहुंचे जमानिया सीओ हितेंद्र कृष्ण ने समझा बुझा कर स्थिति नियंत्रण की। चेताया कि एक्सप्रेसवे के निर्माण में जुटी कंपनी के ट्रैक्टर के अलावा दूसरा बालू लदा ट्रैक्टर आवागमन करते पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लाल बालू के खेल में लिप्त लोगों के लिए स्थानीय थाना क्षेत्र काफी मुफीद साबित हो रहा है। इसी का परिणाम है कि हमीद सेतु से ट्रैक्टर-ट्राली को पार कराने में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। ऐसे में पुलिस प्रशासन नहीं चेता तो आने वाले दिनों में बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। सीओ के सामने एक पक्ष ने पुलिस पर आरोप लगाया कि ट्रैक्टर पास कराने के नाम पर प्रभावशाली लोगों के लिए नियम कानून ताक पर रख दिए गए हैं। जबकि दूसरे लोगों को कानून का पाठ पढ़ाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर लाल बालू के खेल पर सख्ती से रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में यह बड़े बवाल की वजह बनेगा। हमीद सेतु को क्षतिग्रस्त होने से बचाने को लेकर जिलाधिकारी ने चार माह से बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है। ऐसे में पुल से वाहन न आने-जाने की स्थिति में बिहार से ट्रकों के जरिए बालू लाकर मेदिनीपुर, ताड़ीघाट, बहलोलपुर, मलसा, डुहिया, रेवतीपुर, नवली आदि विभिन्न जगहों पर अवैध तरीके से डंप किया जा रहा है। वहां से डीसीएम, बोगा, ट्रैक्टर-ट्राली पर बालू लादकर रात के समय हमीद सेतु पार कराया जा रहा है, जो नगर के साथ अन्य जगहों पर दोगुने दामों पर बेचा जा रहा है।