मुहम्मदाबाद।नगर के गाजीपुर प्राइवेट बस स्टैड के पास स्थित ट्रैक्टर एजेंसी के खिलाफ बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के बघौना कला गांव निवासी गोपाल राय ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर बताया है कि जेके आटो एजेंसी मुहम्मदाबाद से वह 18 मार्च 2019 को एक नया सोनालिका ट्रैक्टर 45 एचपी खरीदे। इसका भुगतान तीन लाख 10 हजार रुपया चेक से एजेंसी प्रबंधक को कर दिया था। इसके बाद एजेंसी कर्मी ट्रैक्टर की शेष धनराशि कोटक महिंद्रा बैंक रथयात्रा वाराणसी के फील्ड अफसर के साथ आकर संबंधित कागजातों पर हस्ताक्षर कराकर फाइनेंस करने के साथ ट्रैक्टर दे दिया। उसका किश्त जमा करना शुरू कर दिया। कुछ दिनों बाद फाइनेंसर द्वारा ट्रैक्टर का पेपर मांगा गया। इस पर जब पेपर लेने जेके आटो एजेंसी पर पहुंचा तो पता चला कि पेपर तैयार नहीं है। एजेंसी द्वारा आज-तक पेपर उपलब्ध नहीं कराया गया। मांगने पर कहा गया कि एक दो दिन के अंदर ट्रैक्टर नाम से ट्रांसफर करा दिया जाएगा। ट्रांसफर की बात सामने आने पर शंका हुई तो ट्रैक्टर के इंजन व चेचिस नंबर से आनलाइन सर्च किया तो पता चला कि 25 फरवरी 2019 को मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के चंदनी गांव निवासी सांचू राय के नाम से ट्रैक्टर पंजीकृत है। इससे स्पष्ट है कि जेके आटो एजेंसी के मालिक द्वारा धोखाधड़ी करके पुराना ट्रैक्टर देकर नए का कीमत लिया गया है। एजेंसी मालिक के खिलाफ मामला पंजीकृत कर कार्रवाई की जाए। प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर 28 जनवरी को धोखाधड़ी का मामला पंजीकृत कर जांच की जा रही है।