दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में सोमवार को तालाब एवं कुएं में युवक समेत दो के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन रोने बिलखने लगे स्थानीय गांव के लोग पोखरे की तरफ गए हुए थे। इस दौरान उनकी नजर पानी में उतराए एक शव पर पड़ी। जानकारी होते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। काफी प्रयास के बाद भी जब शिनाख्त नहीं हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस शव को थाने आई। काफी देर बाद मृतक की शिनाख्त बहुआरा गांव निवासी इकबाल खां (24) के रूप में हुई। परिजनों की ओर से कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, फुल्ली गांव की एक बस्ती के लोग जब कुएं से पानी निकालने गए तो उसमें शव देख कर हैरान रह गए। शोरगुल होने पर आसपास के लोग भी जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालवाया। मृतक की शिनाख्त मुन्नू (40) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि शव मिलने के मामले में छानबीन की जा रही है।