कासिमाबाद। तहसील की एक महिला लेखपाल ने कलेक्ट्रेट में तैनात आपदा प्रबंधन के एक लिपिक पर लैंगिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस आरोप की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर महिला लेखपाल ने रविवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कार्रवाई से तहसील सहित जिले के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। महिला लेखपाल ने बीते पांच जुलाई को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर लैंगिक उत्पीड़न की शिकायत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने 10 जुलाई को जिला प्रोबेशन कार्यालय को जांच करने के लिए अधिकृत किया था। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने आंतरिक परिवाद समिति को जांच दी। समिति न26 सितंबर को जिला प्रोबेशन अधिकारी को दे जांच की रिपोर्ट दी। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जिलाधिकारी को रिपोर्ट दी और बताया कि महिला लेखपाल की शिकायत सही है। इसके बाद जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने महिला लेखपाल के अनुरोध पर 30 सितंबर को एफआईआर कराने का निर्देश दिया था। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत हो गया है। प्रकरण गंभीर है, विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी।