जिला अस्पताल में भर्ती दबंगों के हमले में घायल होमगार्ड रामाशीष कुशवाहा।
- फोटो : GHAZIPUR
सुहवल। थाना क्षेत्र के बेमुआ गांव में मंगलवार की देर शाम भूमि पर अवैध कब्जा की शिकायत पर पहुंची डायल 112 पुलिस पर दबंगों ने अचानक हमला बोल दिया। पुलिस टीम तो बच कर निकल गई लेकिन मौके पर मौजूद थाने के एक होमगार्ड को दबंगों ने लाठी-डंडे से पीट कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने गए दो अन्य ग्रामीणों को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। जब तक थाने की पुलिस पहुंचती आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को रेवतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां होमगार्ड समेत दो की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्जकर कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।गांव निवासी रामदयाल ने अपने ही गांव की सोनमती को काफी दिनों पहले सड़क के किनारे एक बिस्व जमीन बेची थी। सोनमती के परिवार के सदस्य रामदयाल की जमीन में अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इसकी सूचना पीड़ित ने देर शाम डायल 112 पुलिस को दी। जानकारी होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समझाने-बुझाने में जुट गई, लेकिन दबंगों ने पुलिस की बात अनसुनी कर उनपर हमला कर दिया। किसी तरह पुलिसकर्मी मौके से भाग खड़े हएु। वहीं कुछ देर बाद समझाने के लिए थाने पर तैनात होमगार्ड रामाशीष कुशवाहा मौके पर पहुंचे। यह देख दबंग आगबबूला हो गए और होमगार्ड पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे रामदयाल और मुकेश पांडेय को भी दबंगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते फोर्स मौके पर पहंची लेकिन इससे पहले ही दबंग फरार हो गए। पुलिस घायलों को उपचार के लिए रेवतीपुर सीएचसी लेकर आई। जहां होमगार्ड रामाशीष कुशवाहा और मुकेश पांडेय की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। थानाध्यक्ष बिंद कुमार सिंह ने बताया कि घायल होमगार्ड की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।