कासिमाबाद। उप जिलाधिकारी भारत भार्गव ने कहा कि बार और बेंच का कर्तव्य है कि वादकारियों को त्वरित न्याय मिले। इसके लिए हम सभी को सामंजस्य बैठाकर काम करना पड़ेगा। ये बातें उन्होंने कासिमाबाद तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में बृहस्पतिवार को मुख्य अतिथि के रूप में कहीं। उप जिलाधिकारी ने कहा कि अगर किसी को न्याय नहीं मिल पा रहा है तो उसके लिए भी देश के संविधान में व्यवस्था दी गई है। जरूरत है बार और बेंच को सामंजस्य बैठाकर काम करने की। विशिष्ट अतिथि शिवप्रताप सिंह ने कहा कि नव निर्वाचित पदाधिकारियों से तहसील को काफी अपेक्षाएं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तहसील में बार-बार जो हड़ताल होती है उसको बंद कराया जाय। तहसीलदार विराग पांडेय ने कहा कि बार और बेंच दोनों का सामंजस्य होना चाहिए। इससे पूर्व उप जिलाधिकारी ने तहसील बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों अध्यक्ष संतोष कुमार, महासचिव आनंद शंकर सिंह, उपाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, अविनाश सिंह, सह सचिव प्रेम सागर, कोषाध्यक्ष रामनरेश सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ से पूर्व सभी अतिथियों एवं नव निर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण के साथ बैज लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में हैदर अली टाइगर, विनोद सिंह, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, सेंट्रल बार के नव निर्वाचित अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, राजकुमार सिंह, वेदप्रकाश सिंह, नायब तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष संजय तिवारी एवं संचालन कृष्णानंद राय ने किया।