कासिमाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र के सनेहुआ गांव में पंचायत में एक प्रधान प्रत्याशी सहित 11 नामजद एवं 40 अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन एवं महामारी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। कोविड-19 प्रकोप के साथ चुनाव आचार संहिता पूरे प्रदेश में लागू है। इस समय समूह के साथ घूमना, प्रचार करना, जुलूस निकाला महामारी अधिनियम के तहत वर्जित है। इसके साथ ही चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण समूह में प्रचार करना आचार संहिता का उल्लंघन है। प्रभारी निरीक्षक श्यामजी यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत सनेहुआ में प्रधान पद की प्रत्याशी उर्मिला देवी के पक्ष में उनके पति लालबहादुर राम सैकड़ों लोगों के साथ जुलूस निकाल कर प्रचार करते हुए पाए गए। प्रधान पद की प्रत्याशी उर्मिला देवी उनके पति लालबहादुर राम, चंदन राम चंद्रभान चौहान उर्फ समारू, सदन राजभर, दिनेश चौहान, हरीनाथ यादव, रामपति राम सहित 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के साथ महामारी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में हड़कंप मच गई है।