कासिमाबाद। चौक सहित पूरे कस्बे में कोरोना कर्फ्यू का असर कहीं से नहीं दिख रहा है। जब से कोरोना कर्फ्यू लगा है तभी से कस्बे में मिठाई, फल एवं चाय-पान के साथ सभी तरह की दुकानों के साथ सब्जी मंडी पूरे दिन खुलने से लोगों की भीड़ लग रही है। सोमवार की सुबह का नजारा देखने लायक था। प्रशासन द्वारा लापरवाही बरतने से लोगों में संक्रमण बढ़ने का खतरा काफी बढ़ गया है। जब से कोरोना कर्फ्यू लगा है यहां के सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में से कुछ ही बंद चल रहे हैं। पूरे कस्बे के सभी फल, सब्जी वाली दुकानें एवं मिठाई, चाय वाले दुकानदार बिना डर और भय के दुकान खोलकर बिक्री कर रहे हैं। यहां के फल, चाय-पान एवं मिठाई की दुकानों पर सुबह से लेकर शाम तक लोगों की भीड़ इन दुकानों पर लग रही है। जिन व्यवसायियों की दुकानें लगातार बंद चल रही है उनमें इस बात को लेकर आक्रोश है कि प्रशासन कड़ी कार्रवाई नहीं कर रहा है। एक तरफ जहां सभी दुकानें बंद करने का आदेश हुआ है वहीं यहां की छोटी दुकानें खोलने से बंद बेअसर दिखाई दे रहा है। कासिमाबाद एवं उसके आसपास के गांवों में अब तक संक्रमण से 12 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराकर कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराने का अनुरोध किया है।