गाजीपुर। जिले में सोमवार की देर शाम आई रिपोर्ट में 646 कोरोना संक्रमित मिले। जबकि इलाज के दौरान छह मरीजों की मौत हो गई। ऐसे में मौत का आंकड़ा 137 पहुंच गया है। सक्रिय मरीजों की संख्या 5776 है। जबकि 7900 मरीज अब तक कोरोना को मात देकर घर पहुंच चुके हैं। 2674 संदिग्धों ने जांच कराई है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में जिले में लगातार संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह है कि प्रत्येक दिन 500 से ऊपर कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं। ऐसे में स्थिति काफी चिंताजनक होती जा रही है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मुश्किलें दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। ऐसे में आमजन को संक्रमण से बचाने और संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से ठोस कदम उठाया जा रहा है। देर शाम आई रिपोर्ट के बाद संक्रमितों को ट्रेस करने के लिए टीम द्वारा जहां कार्रवाई शुरु कर दी गई। वहीं सर्विलांस टीम द्वारा एक-एक संक्रमितों से फोन पर बात कर लक्षण की जानकारी ली गई। साथ ही गंभीर लक्षण वाले मरीजों को एंबुलेंस से लाकर जिला अस्पताल एवं एल-टू अस्पताल में भर्ती कराने का कार्य शुरु कर दिया गया। जबकि इन संक्रमितों के संपर्क में आने वाले संदिग्धों की सूची बनाकर जांच की तैयारी शुरु कर दी गई। एसीएमओ डा. उमेश कुमार ने बताया कि 646 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जबकि छह मरीजों की मौत हो गई है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए आमजन को एहतियात एवं सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।