सुहवल। संक्रमण के दौरान इम्युनिटी बढ़ाने के लिए संतरा, नींबू और अदरक का प्रयोग बढ़ गया है। इनकी खपत होने से दुकानदारों ने इनके दाम भी बढ़ा दिए हैं और मनमाने मूल्य पर इन्हें बेच रहे हैं। कोरोना के बढ़ते कहर के चलते एक बार फिर लोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। शरीर में विटामिन सी की प्रचुर मात्रा बढ़ाने के लिए कोई नीबू का रस बनाकर पी रहा है तो कोई संतरा खा रहा है। इसके अलावा काढ़ा और चाय का उपयोग बढ़ने से अदरक का इस्तेमाल भी खूब हो रहा है। इन तीनों की खपत में जबरदस्त इजाफा हुआ तो दामों में भी उछाल होना स्वभाविक है। इस कारण ग्राहकों और दुकानदारों में आए दिन दाम को लेकर नोकझोंक हो रही है। विटामिन सी की कमी को तो लोग टैबलेट खाकर भी पूरी कर सकते हैं, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर ने गाजीपुर जिले में अपना दायरा बढ़ाया तो विटामिन सी की टैबलेट बाजार से या तो गायब हो गई या मांग के सापेक्ष भारी कमी हो गई। ऐसे में लोगों ने विटामिन सी की कमी को पूरा करने के लिए नीबू का उपयोग शुरु कर दिया। ऐसे में अब पांच से सात रुपये का एक नीबू बिक रहा है। कुछ समय पहले पांच के दो या चार मिल जाते थे। पिछलेेेे वर्ष की अपेक्षा नीबू और संतरा की भी खपत खूब बढ़ी है, ऐसे में पिछले वर्ष 40-50 रुपये किलो बिकने वाला संतरा अब दोगुने यानी 120-130 रुपये में बिक रहा है। अदरक की खपत भी पिछले वर्ष के मुकाबले काफी बढ़ी है।