गाजीपुर। जिले के चार सेंटरों पर कोविड टीकाकरण के प्रथम दिन की सफलता के बाद अब स्वास्थ्य महकमा सेंटर बढ़ाने की कवायद में जुट गया है। साथ ही सप्ताह में दो दिन टीकाकरण कार्यक्रम संचालित करने को लेकर चर्चाएं तेज है। जबकि सूचीबद्ध अन्य डाक्टरों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ के टीकाकरण के लिए अब तक तिथि निर्धारित न होने से अधिकारियों में उहापोह की स्थिति बनी हुई है। कोरोना टीकाकरण के प्रथम दिन सफलता पूर्वक 290 स्वास्थ्य कर्मियों के टीकाकरण के बाद अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण कब से होगा। इसको लेकर शासन की ओर से तिथि निर्धारित नहीं की गई है। हालांकि विभागीय अधिकारियों द्वारा सप्ताह के दो दिन सोमवार एवं शुक्रवार को टीकाकरण कार्यक्रम संचालित होने की चर्चा तेज है। शासन की ओर से कोई दिशा-निर्देश न मिल पाने से अभी ऊहापोह की स्थिति है। इधर जिले के चार वैक्सीनेशन सेंटरों में एक और सेंटर चिह्नित करने के लिए अधिकारी जुुट गए हैं। ताकि सेंटर बढ़ाने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जा सके। सेंटर के बढ़ने से जहां प्रथम चरण के लक्ष्य को पूर्ण करने में तेजी आएगी, वहीं अधिक से अधिक सूचीबद्ध डाक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को टीका लगाया जा सकेगा। सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि सेंटर बढ़ाने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अभी शासन की ओर से सूचीबद्ध डाक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ के टीकाकरण को लेकर कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है। शासन की ओर से निर्देश आने के बाद ही टीकाकरण कार्यक्रम शुरू होगा।