गाजीपुर। कोरोना का संक्रमण दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। पहले कुछ लक्षण जैसे सर्दी, खांसी, बदन दर्द और सांस फूलने से मरीज स्वयं पहचान पा रहे थे। वर्तमान स्थिति में लक्षणों के आधार पर तय कर पाना बड़ा मुश्किल है कि कोरोना है या नहीं। यही वजह है कि खांसी, सर्दी, सांस संबंधी लक्षणों के अलावा भी कई लक्षण नजर आ रहे हैं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. उमेश कुमार ने बताया कि इस बार कोविड-19 के मरीजों की संख्या में अचानक से इजाफा हुआ है। लोगों को अब सचेत रहने और लक्षण के बारे में जानना जरूरी हो गया है। समय रहते लक्षण के आधार पर जांच कराएं और रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर आइसोलेट हो जाऐ। बताया कि कोविड-19 आंखों को प्रभावित कर सकता है। बहरापन अथवा कान का बजना भी गंभीर संक्रमण का एक संकेत हो सकता है। कई मामलों में देखा गया है कि डायरिया और उल्टी वायरस के संकेत हो सकते हैं। कई सारे मरीज बताते हैं कि उन्हें ऐसा महसूस होता है कि उनके शरीर में ऊर्जा ही नहीं है। मासंपेशियों में दर्द बना हुआ है। ऐसे मरीजों को भी तुरंत जांच करवाने का परामर्श दिया जा रहा है।