गाजीपुर। जिले में कोरोना सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 182 पहुंच गया है। वहीं होम आइसोलेट एवं कोविड सेंटर में भर्ती 4507 अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। शनिवार की देर शाम साढ़े आठ बजे एक स्वास्थ्य कर्मी समेत 18 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ऐसे में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 4702 पहुंच चुकी है। जबकि 71 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमितों की संख्या मेें बढ़ोत्तरी होने से स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलेें जहां बढ़ गई हैं। वहीं आमजन में कोरोना संक्रमण फैलाव को लेकर कोई एहतियात एवं सतर्कता नहीं दिखाई दे रही है। इस लापरवाही से खतरा बढ़ता दिख रहा है। इधर देर शाम आई रिपोर्ट के बाद मेडिकल टीम सभी संक्रमितों को ट्रेस करने के साथ उनकी सूची तैयार करने में जुट गई, जिससे उन्हें लक्षण विहीन एवं लक्षण मिलने पर होम आइसोलेट एवं कोविड वार्ड में भर्ती किया जा सके। देर शाम आई रिपोर्ट में देवकली एक, खेमपुर एक, पीरनगर एक, सदर तीन, पलिया एक, गरथौली एक, मिर्जापुर एक, मैनगिरी एक, मिश्रबाजार एक, गहमर एक, पाली एक, शेरपुर एक, बिरनो एक, रामपुर बलभद्र एक, महाराजगंज दो एवं रेवतीपुर सीएचसी में एक स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमित मिला। इस संबंध में एसीएमओ नोडल डा. उमेश कुमार ने बताया कि 18 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।