गाजीपुर। कोरोना वायरस से बचाव को लेकर तहसील क्षेत्रों में नियंत्रण कक्ष बना दिया गया है। यहां क्षेत्र में इस रोग से संबंधित जानकारी दी जा सकती है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करता रहेगा। जमानिया संवाददाता के अनुसार एसडीएम सत्यप्रिय सिंह ने सभी से आह्वान किया कि अगर कोई विदेश या अन्य राज्य से आया है तो उसकी सूचना तहसील में बनाए गए कंट्रोल रूम के नंबर 05497-252261 पर दें ताकि समय रहते उसकी जांच की जा सके और समुचित इलाज मुहैया कराया जा सके। जांच एवं इलाज पूरी तरह से नि:शुल्क है। इससे घबराने की जरूरत नहीं जागरूक रहे और समय से सूचना दें। बिरनो संवाददाता के अनुसार कोरोना वायरस को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो पर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। आपातकाल के लिए चिकित्सकों की एक टीम का भी गठन कर दिया गया है। इसमें कुल चार सदस्य रखे गए हैं। यह जानकारी देते हुए केंद्र प्रभारी डा. मनोज कुमार ने बताया कि गांवों में बाहर से आए हुए लोगों की जांच की जा रही है। इस समय यहां की ओपीडी बंद है। इमरजेंसी मरीजों को देखा जा रहा है।