भीमापार। सादात थाना क्षेत्र के मखदूमपुर बसहीं गांव में सोमवार की देर शाम सात बजे नए ट्रांसफार्मर में कनेक्शन जोड़ रहे संविदा लाइन मैन की विद्युत करंट की चपेट में आने से झुलसकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इकरा कुरवां गांव निवासी धीरज प्रजापति (25) भीमापार उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन पर तैनात था। मखदूमपुर बसहीं गांव में कई दिनाें से ट्रांसफार्मर जल जाने से विद्युत आपूर्ति ठप थी। देर शाम नया ट्रांसफार्मर आने के बाद लाइनमैन उसका कनेक्शन कर रहा था। इसी दौरान वह विद्युत करेंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। आस-पास के लोग उसे उपचार के लिए मखदूमपुर पीएचसी लेकर गए। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने सैदपुर सीएचसी रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इधर परिजनों के रोने- बिलखने से चीख- पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
सादात। थाना क्षेत्र के स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना देने के साथ मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया।
शालीमार एक्सप्रेस जब स्टेशन से गुजर रही थी तो सिद्धार्थनगर निवासी युवक अब्बास अंसारी (34) तो वह ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान असंतुलित होकर ट्रेन के नीचे चला गया और कटकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त करते हुए घटना की सूचना परिजनों को देने के साथ शव को मर्चरी हाउस में रखवा दिया।